पिथौरागढ़। जिले में रविवार रात हुई बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हुआ है। बंगापानी तहसील में सर्वाधिक 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य तहसीलों में मध्यम से हल्की वर्षा हुई। बारिश के चलते कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत जिले के 16 ग्रामीण मार्ग मलबा आने से बंद हैं।
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कूलागाड़ के पास पुल बहने के बाद आवाजाही के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग के भी बारिश में बहने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार शाम तेज बारिश के बाद वैकल्पिक मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रशासन ने सोमवार सुबह मार्ग को दुरुस्त कराकर आवाजाही सुचारू कर दी।
वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्र की पंचाचूली, राजरंभा, नंदा देवी और हरदेवल चोटियों पर हिमपात हुआ है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
घाट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और बंद रास्तों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।

