रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक घोड़ा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीम ने घायल को रेस्क्यू कर गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पहचान आसू (19) पुत्र चौहान सिंह, निवासी सिलकोट, गैरसैंण के रूप में हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि घटना के बाद घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है। पहाड़ी की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह पैदल मार्ग को खोल दिया गया है। यात्रियों को एहतियात के साथ इस संवेदनशील हिस्से से पार कराया जा रहा है। हादसे के बाद यात्रियों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में रविवार को पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से पठाली गांव निवासी मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के चलते क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

